कानपुर देहात। अकबरपुर कस्बे में हाईवे किनारे अहिल्याबाई होल्कर इंटर कालेज के पीछे की तरफ कब्रिस्तान के पास सफाई करने के दौरान सोमवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष कब्रिस्तान में तोड़फोड़ का आरोप लगा हंगामा करने लगा। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सफाई का काम बंद कर दिया। साथ ही जगह की पैमाइश के बाद ही काम कराने के निर्देश दिए।
कालेज के पीछे की तरफ ग्राम सभा की जमीन में कंजड़ बिरादरी के लोग शव दफनाते हैं। वहीं पास में कस्बे के ही सूर्यकांत त्रिपाठी ने सफाई शुरू कराई। इसकी जानकारी पर कंजड़ बस्ती से काफी लोग वहां पहुंच गए। वह लोग कब्रिस्तान की जगह में अवैध कब्जा करने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। इसकी जानकारी पर कस्बा चौकी इंचार्ज अनुराग पांडेय व कोतवाल तुलसीराम पांडेय पहुंचे। वहां दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। साथ ही जमीन की पैमाइश कराने के बाद ही साफ सफाई कराने के निर्देश दिए। कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया गया है। सूर्यकांत त्रिपाठी ने खुद की जमीन होने के कागज भी दिखाए हैं। फिलहाल शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैमाइश के बाद ही कोई काम कराने के लिए कहा गया है।