रूरा। सुभाष नगर से 15 दिन पहले लापता हुए कक्षा आठ व 10 के दो छात्र दिल्ली में मिले। सूचना पर पुलिस ने दोनों को वहां से लाकर परिजनों को सौंप दिया।
सुभाष नगर निवासी नीरज का बेटा हर्ष (14) कस्बे के ही जूनियर हाईस्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र है। 25 जून को हर्ष विद्यालय तो गया, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
इस दौरान परिजनों को पता चला कि हर्ष उसी स्कूल में कक्षा दस के छात्र शनि के साथ कहीं चला गया है। परिजनों ने थाने में दोनों की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक दोनों छात्र घूमने दिल्ली चले गए थे।
वहां प्लेटफार्म पर रेलवे पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ की, तो दोनों ने सच बता दिया। दिल्ली रेलवे पुलिस की सूचना पर रूरा थाने की टीम वहां गई और दोनों छात्रों को लेकर आई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों छात्रों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।