मऊ गांव में जमीन खाली कराती वन विभाग की टीम।
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद (कानपुर देहात)। वन विभाग ने अपनी 78 बीघे जमीन से अवैध कब्जे हटवाए। 75 बीघा जमीन पर खड़ी धान की फसल ट्रैक्टरों से जुताई करवाकर नष्ट करा दी गई। पांच लोगों के खिलाफ अवैध कब्जे करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
वन विभाग के क्षेत्राधिकारी अरविंद शुक्ला ने बताया कि विभाग की जमीन मऊ ग्राम पंचायत की गाटा संख्या 290 और 291 के रकवा 5.387 पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। उसमें जोत कर फसल तैयार करते थे। सरकारी जमीन में लाखों रुपये की फसल से पैदावार ले रहे थे। कई बार विभाग की जमीन खाली करने के लिए अवैध कब्जेदारों को नोटिसें दी गई थीं। इसके बाद भी अवैध कब्जेदार जमीन खाली नहीं करा रहे थे। जमीन पर धान की बुआई कर ली थी।
गुरुवार को वन विभाग ने पुलिस की मदद से खड़ी धान की फसल नष्ट करवा दी। इसके बाद जमीन पर कब्जा ले लिया गया। मऊ निवासी भूकंप सिंह, सुनील सिंह, सुवेंद्र सिंह, मकरंदपुर के कुलदीप संखवार, मनीष के खिलाफ वन विभाग की जीडी में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मौके पर वन दरोगा संतोष त्रिपाठी, राज कुमार पांडेय, प्रकाश चंद्र, सुघरलाल, लेखपाल सोनी, विजय गौतम, पुलिस बल मौजूद रहा।