सीएचसी में जांच के लिए संदिग्ध का सैंपल लेता स्वास्थ्य कर्मी। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
राजपुर। जनपद में मंगलवार को आई आरटीपीसीआर रिपोर्ट में 29 और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें चार का पता गलत दर्ज होने से उनकी जानकारी नहीं मिल सकी। वहीं 57 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ भी हुए हैं। अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 104 हो गई है। गुजरात से लौटा मजदूर भी संक्रमित मिला है।
गुबार निवासी मजदूर को जुकाम और खांसी था। इसकी दवा लेने के लिए मजदूर पीएचसी गया था। वहां कोरोना जांच के लिए उसका सैंपल लिय गया। मंगलवार को आई रिपोर्ट में उसके संक्रमित होने की पुष्टि होने के बाद डॉ. शिव विनायक त्रिपाठी के साथ स्वास्थ्य टीम गांव पहुंची।
जहां संक्रमित के घर पर तालाबंदी मिली। ग्रामीणों ने बताया कि वह गुजरात की फैक्ट्री में मजदूरी करता है। जांच कराने के बाद वह परिवार सहित गुजरात चला गया। इधर, बीहड़ पट्टी के भाल गांव में बुजुर्ग दंपति व उनका बेटा संक्रमित मिले थे।
स्वास्थ्य टीम ने गांव पहुंचकर दंपति को होम आइसोलेट किया, जबकि 18 वर्षीय बेटा घर पर नहीं मिला तो टीम दवाएं देकर वापस लौट आई। रतापुर निवासी 26 वर्षीय संक्रमित महिला की खोज में स्वास्थ्य टीम दिनभर परेशान रही। फोन पर संपर्क करने पर महिला ने बताया कि वह रिश्तेदारी में अमरौधा ब्लॉक आई है। ऐसे में महिला को होम आइसोलेट नहीं किया जा सका।
डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस अधिकारी डॉ. आशीष बाजपेयी ने बताया कि मंगलवार को 29 और लोग संक्रमित मिले हैं। सभी में सामान्य लक्षण होने की वजह से उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया है। 57 मरीज संक्रमण को मात देकर स्वस्थ हो गए। डॉ. आशीष बाजपेयी ने बताया कि चार मरीजों का पता गलत है। जनपद में अब 104 केस एक्टिव हैं।