अधूरा आवास दिखाती अकबरपुर की आफरीन। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। दीपावली के ठीक पहले जनपद के सात नगर निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के 1057 लाभार्थियों को सरकार ने तोहफा दिया है। इन सभी को निर्माणाधीन घर पूरा करने के लिए दूसरी किस्त के रूप में डेढ़-डेढ़ लाख रुपये जारी किए गए हैं।
सबसे अधिक लाभार्थी अकबरपुर निकाय के हैं। अब इन आवास लाभार्थियों की घरों की दीवारें व लिंटर का काम पूरा हो जाएगा। इसको लेकर लाभार्थी भी खासे खुश हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को घर बनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से ढाई लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। पहली किस्त में पचास हजार रुपये, दूसरी किस्त में डेढ़ लाख रुपये और तीसरी यानी अंतिम किस्त में पचास हजार रुपये का भुगतान किया जाता है।
जनपद के सात नगर निकायों में पहली किस्त मिलने के बाद 1057 लाभार्थी नींव व पिलर आदि का काम कराने के बाद दूसरी किस्त का इंतजार कर रहे थे। बारिश से पहले किस्त की आस थी लेकिन मंजूरी नहीं मिल सकी।
बारिश में इन परिवारों ने जैसे तैसे गुजारा किया लेकिन अब दीपावली के ठीक पहले इन परिवारों को अपना मकान पूरा करने के लिए दूसरी किस्त का भुगतान सीधे बैंक खाते में किया गया है।
अधूरा आवास पूरा करने की उम्मीद लगाए इन लाभार्थियों के चेहरे खिल गए हैं। दूसरी किस्त पाने वाले सबसे अधिक लाभार्थी अकबरपुर नगर निकाय के और सबसे कम डेरापुर नगर निकाय के हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लाभार्थियों की दूसरी किस्त की डीपीआर को मंजूरी कुछ दिन पूर्व ही मिली है। इन सभी लाभार्थियों के बैंक खातों में डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की किस्त भेज दी गई है। आवास योजना के लिए कोई शुल्क देय नहीं है। सरकार की ओर से वित्तीय मदद दी जाती है। - हर्ष अरविंद, पीओ डूडा