सिकंदरपुर (कन्नौज)। भारतीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज के खेल मैदान में चल रहे अंतर जनपदीय टी-20 टूर्नामेंट के अंतर्गत मंगलवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। चंद्र एकेडमी कानपुर और जय हिंद क्रिकेट क्लब फतेहगढ़ के बीच हुए इस रोमांचक मुकाबले में कानपुर की टीम ने फतेहगढ़ को छह विकेट से हराकर ट्राफी पर अपना कब्जा जमाया। कानपुर के अभिषेक कुमार को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज मिला।
टॉस जीतकर कानपुर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया और फतेहगढ़ की टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। फतेहगढ़ की टीम 20 ओवरों में 143 रन ही बना सकी। इसमें दानिश खां ने 51 और ओम दीक्षित ने 20 रन बनाए। पवन यादव ने तीन विकेट चटकाए। वहीं अभिषेक कुमार ने दो विकेट हासिल किए। जवाब में खेलने उतरी कानपुर की टीम ने आवश्यक रन चार विकेट खोकर बना लिए। इसमें अभिषेक कुमार ने 69 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। वहीं लक्ष्य मिश्रा ने 25 रन बनाकर जीत सुनिश्चित की। कुणाल राजपूत ने दो और करन यादव ने एक विकेट लिया।
पूर्व चेयरमैन रजनीकांत द्विवेदी और सिटी चिल्ड्रंस एकेडमी के चेयरमैन प्रदीप प्रधान ने विजेता कानपुर टीम के कप्तान अजय भारती को 21 हजार रुपये की नकद राशि के साथ विजेता ट्राफी प्रदान की। सुभाष अकादमी के प्रबंधक हिमांशू सक्सेना ने उपविजेता फतेहगढ़ टीम के कप्तान सोनू ठाकुर को 11 हजार रुपये और उपविजेता ट्राफी दी। जिला पंचायत सदस्य प्रमोद राजपूत ने कानपुर के अभिषेक कुमार को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज की ट्राफी सौंपी। इसके अतिरिक्त, सिद्धार्थ सेठ को बेस्ट विकेट कीपर और करन यादव को बेस्ट गेंदबाज की ट्राफी से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संजीव गुप्ता, सत्येंद्र सिंह, प्रधानाचार्य योगेंद्र शुक्ला, आयोजक अचल सक्सेना, हनी सिंह आदि मौजूद रहे।