कानपुर के बिधनू में मझावन चौकी क्षेत्र के दलेलपुर गांव में सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 35 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाकर हंगामा काटा। सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने परिजनों को कर्रावाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
डॉग स्क्वाड के इंतजार में परिजन शव को पेड़ से नही उतरने दे रहे हैं। दलेलपुर गांव निवासी किसान नरेश कुमार का शव संदिग्ध स्थितयों में उसी की शर्ट से प्राथमिक विद्यालय के पास बबूल के पेड़ से लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। पत्नी मिथलेश के मुताबिक पति नरेश खाना खाने के बाद रविवार रात करीब 9 बजे गेहूं के खेत में पानी लगाने गए थे।
उसके बाद बेटी दीपिका (13) बेटा राजू (10) बेटी रागिनी (7) भी कमरे में सोने चले गए। रात करीब 10 बजे उनकी पति से फोन पर पानी लगाने में मदद करने के लिए खेत मे आने की बात हुई। जिसपर उन्होंने खेत पर आने से मना कर दिया। मंगलवार सुबह प्राथमिक विद्यालय के पास रहने वाले श्रवण कुमार ने ग्राम प्रधान को घटना की जानकारी दी।
जानकारी पर पहुंचे परिजनों में शव को देख चीखपुकार मच गई। सिर में चोट के निशान देख परिजनों ने हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाकर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस के शव उतारने पर परिजनों संग ग्रामीणों की नोकझोक भी हुई। जिसपर फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड को भी बुलाना पड़ा। घटना स्थल से कुछ दूरी पर झाड़ियों में मृतक की शाल और चप्पल पड़े थे।
नजदीक स्थित जामुन के पेड़ से घटना स्थल तक जमीन में घसीटने के निशान बने थे। वहीं करीब सौ मीटर दूर किसी दूसरे की एक नीले रंग की शर्ट पड़ी थी। जिसपर खून लगा हुआ था। मृतक का मोबाइल भी गायब है। जो स्विच ऑफ बता रहा है। बिधनू थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्थित स्पष्ट हो पाएगी।