कानपुर में गैस किल्लत की अफवाहों के बीच घाटमपुर कस्बे की स्थिति सामान्य बनी हुई है। यहां इंडेन गैस की दोनों प्रमुख एजेंसियों पर सिलिंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और प्रतिदिन की तरह लोडिंग जारी है। हालांकि, ऑनलाइन बुकिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतों और सर्वर डाउन होने की वजह से उपभोक्ताओं को थोड़े धैर्य की परीक्षा देनी पड़ रही है।
कोरिया निवासी कृष्ण बिहारी ने बताया कि सर्वर के कारण बुकिंग में थोड़ी मशक्कत हुई, लेकिन एक-दो प्रयासों के बाद बुकिंग सफल रही। एजेंसी पहुंचने के मात्र पांच मिनट के भीतर उन्हें भरा हुआ सिलिंडर मिल गया। वहीं, कस्बे के शिवकुमार ने भी यही बात दोहराई। मौके पर केवल चार-पांच लोग ही नजर आए, जिससे स्पष्ट है कि भीड़ जैसी स्थिति नहीं है।