शिवराजपुर (बिल्हौर)। क्षेत्र के जौहरनपुरवा गांव में तहसीलदार के निर्देश पर नाला खुदाई करने गए मनरेगा श्रमिकों को कुछ लोगों ने मारपीट कर भगा दिया। ग्राम प्रधान ने उसके खिलाफ थाने में तहरीर दी।
बेहटा गांव के प्रधान विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि जौहरनपुरवा गांव में बरसात के मौसम में होने वाले जलभराव को देखते हुए करीब एक किलोमीटर लंबे नाले की खुदाई की जा रही है। गांव के ही राधा मोहन अपने दरवाजे के सामने नाला खुदाई का विरोध कर रहे हैं, जिसकी शिकायत तहसीलदार बिल्हौर अवनीश कुमार से की गई थी, जिस पर उन्होंने राजस्व की टीम गठित जांच रिपोर्ट मांगी थी। लेखपाल की आख्या के अनुसार तहसीलदार ने थाना पुलिस व लेखपाल को मौके पर पहुंचकर नाला निर्माण में आने वाली बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए थे, इसी के चलते गुरुवार को मनरेगा श्रमिकों द्वारा नाला खुदाई का कार्य किया जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने होकर श्रमिकों से मारपीट शुरू कर दी, जिसके चलते श्रमिकों ने काम बंद कर दिया। एसओ शिवराजपुर अमित मिश्रा ने बताया कि ग्राम प्रधान की शिकायत के आधार पर जांच कराई जा रही है, सरकारी कार्य में बाधा पैदा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।