कानपुर: अपार्टमेंट से गिरकर किशोरी की मौत का मामला
- फोटो : amar ujala
कानपुर के कल्याणपुर में गुलमोहर अपार्टमेंट की दसवीं मंजिल से दुष्कर्म के बाद युवती को फेंके जाने के मामले में पुलिस ने चार्जशीट तैयार कर ली है। आरोपी डेयरी मालिक प्रतीक वैश्य के खिलाफ बेहद अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने अपनी विवेचना में साबित किया है कि प्रतीक ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और फिर अपार्टमेंट की दसवीं मंजिल से फेंक कर उसकी हत्या कर दी।
उधर वादी पक्ष की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा ने गुरुवार को पुलिस कमिश्नर से मिलकर विवेचना के संबंध में जानकारी ली। प्रतीक वैश्य ने एक 19 वर्षीय युवती को 20 सितंबर को नौकरी पर रखा था। उसको अपने पीए के तौर पर नौकरी दी थी। 22 सितंबर को प्रतीक ऑफिशियल काम बताकर युवती को अपने फ्लैट पर लाया था।
दसवीं मंजिल पर उसका फ्लैट था। कुछ ही देर बाद युवती अपार्टमेंट के नीचे मृत पड़ी मिली थी। पुलिस ने प्रतीक के खिलाफ दुष्कर्म व हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसको जेल भेजा था। केस के विवेचक एडीसीपी लाइन बसंत लाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विवेचना के दौरान बेहद पुख्ता साक्ष्य जुटाए गए हैं। चार्जशीट तैयार हो चुकी है।
समीक्षा की जा रही है। साथ ही डीएनए जांच समेत अन्य फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अगर तय समय में रिपोर्ट आ गई तो इन जांच रिपोर्ट को चार्जशीट में शामिल कर लिया जाएगा। वरना प्राइमरी चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। बाद में सप्लीमेंट्री चार्जशीट में इन साक्ष्यों को शामिल किया जाएगा।
चैट, फुटेज बने मजबूत साक्ष्य, एक गवाह भी अहम
पुलिस ने विवेचना के दौरान कई सीसीटीवी फुटेज जुटाए। जिसमें प्रतीक युवती को अपार्टमेंट में ले जाते दिखाई दिया था। यहां तक कि अपार्टमेंट के फुटेज में फ्लैट में दाखिल होने तक के फुटेज हैं। वहीं युवती ने वारदात से कुछ समय पहले अपने एक दोस्त से इस संबंध में व्हाट्सएप पर कुछ मैसेज भेजे थे। जिसमें उसने लिखा था कि प्रतीक उनको फ्लैट पर ले गया है। उसको वहां जाने में डर लगता है। जल्द आ जाओ। यह दोनों साक्ष्य बेहद महत्वपूर्ण व मजबूत हैं। वहीं जिसको मैसेज भेजे थे वह अहम गवाह है।