कल्याणपुर थानाक्षेत्र में शुक्रवार देर रात मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहे बैंक के हेड कैशियर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के वक्त वह अपनी स्कूटी खड़ी कर रेलवे ट्रैक पार कर लघुशंका करने जा रहे थे। हादसे के दौरान वह ट्रेन में फंसकर करीब 500 मीटर तक घिसटते चले गए जिससे उनका शव पूरी तरह से क्षत विक्षत हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर परिजनों को सूचना दी।
रावतपुर के राधा विहार निवासी मुकेश कुमार कनौजिया (43) मंधना स्थित यूनियन बैंक शाखा में हेड कैशियर के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी सौम्या के अलावा तीन वर्षीय बेटी सान्वी व मां रमा देवी हैं। भाई अमित ने बताया कि अगस्त में मुकेश की शादी के छह वर्ष पूरे हुए थे। शुक्रवार करीब पांच बजे ऑफिस से लौटने के बाद भाई मुकेश गूबा गार्डन निवासी चाचा विनोद के घर गए थे। देर रात करीब 12 बजे वह घर लौट रहे थे।