कानपुर के कल्याणपुर के लखनपुर में 1800 रुपये के विवाद में साले की हत्या और पत्नी को मरणासन्न करने वाले आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कानपुर देहात में झुग्गी झोपड़ी में रह रहा था। वह अपनी बेटियों को लेकर फरार हुआ था।
पुलिस को तीनों बेटियां सही सलामत मिल गई हैं। लखनपुर निवासी शटरिंग कारीगर राकेश कुमार ने शुक्रवार सुबह पत्नी सोनी से 1800 रुपये वापस मांगे थे। पैसे न देने पर उसको पीट रहा था। तभी उसके साले राजा ने इसका विरोध किया।
तब राकेश ने चापड़ से वार कर राजा की हत्या कर दी थी। पत्नी पर भी चापड़ से कई वार कर तीनों बेटियों को लेकर फरार हो गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक रिश्तेदार की मदद से पता चला कि आरोपी राकेश कानपुर देहात में झोपड़ी में रह रहा है।
वहीं से कल्याणपुर पुलिस ने उसको दबोच लिया। पुलिस को वहीं पर तीनों बेटियां भी मिल गईं। बेटियां काफी डरी हुई हैं। पुलिस ने तीनों को रिश्तेदारों के सुपुर्द कर दिया है। आरोपी सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहां से वह जेल जाएगा।