कानपुर चिड़ियाघर के एकांतवास में रखे गए आरिफ के सारस दोस्त की लिंग परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद एकांतवास समाप्त हो जाएगा। चिड़ियाघर के बाड़े में पहले से रह रहे तीन सारसों का भी डीएनए टेस्ट होगा। उनका भी लिंग जानने के बाद सारस को उनके साथ रखा जाएगा।
चिड़ियाघर में पिछले कई सालों से एक बाड़े में तीन सारस हैं। आज तक चिड़ियाघर प्रशासन ने उनके लिंग की पहचान नहीं कराई है। अब जब आरिफ के सारस दोस्त को यहां लाया गया, तो इसकी जरूरत पड़ी। उसे छोड़ने की अनुमति न मिलने के बाद चिड़ियाधर प्रशासन ने उसका एकांतवास समाप्त करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सभी सारसों का डीएनए टेस्ट लैब भेजा गया है। चिड़ियाघर के निदेशक केके सिंह ने बताया कि लिंग परीक्षण के बाद सारस को जोड़े के साथ बाड़े में रखा जाएगा।