कानपुर में वन दरोगा से 50 हजार की घूस लेने वाले विभाग के वरिष्ठ क्लर्क रामचंद्र के खिलाफ विवेचक ने लखनऊ कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल कर दिया है। एंटी करप्शन टीम को उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं।
बीते 17 मार्च को एंटी करप्शन की टीम ने नवाबगंज स्थित वन विभाग के कार्यालय में जाल बिछाकर विभाग के वरिष्ठ क्लर्क रामचंद्र को वन रक्षक प्रेमचंद्र सिंह से रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
वन रक्षक ने टीम को बताया था कि उनको घरेलू काम के लिए एरियर के 10 लाख रुपयों की आवश्यकता थी। सरकारी खाते से रुपये उनके खाते में डलवाने के लिए क्लर्क ने रिश्वत मांगी थी। एंटी करप्शन में शिकायत होने पर टीम ने कार्रवाई करते हुए क्लर्क के खिलाफ नवाबगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाने से मुकदमा एंटी करप्शन विभाग में स्थानांतरण किया गया, जिसके बाद विवेचक ने जांच की।