कानपुर के बर्रा में नशे की लत पूरी न होने पर सोमवार को युवक ने छोटे भाई के सामने खुद पर पेट्रोल डाल कर आग लगा ली। लपटों से घिरा देख भाई ने किसी तरह उसे कंबल में लपेट कर आग बुझाई और आननफानन उसे उर्सला ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बर्रा पांच निवासी अनूप सक्सेना (36) ओएफसी से रिटायर्ड पिता जेपी सक्सेना की मौत के बाद से अपने छोटे भाई राजेश व मां शीला के साथ रहता था। भाई राजेश ने बताया कि अनूप शराब पीने का लती था। मां को मिलने वाले पेंशन के 12 हजार रुपयों से वह नशेबाजी करता था।
इसके बाद घर के खर्च तक चलाने में समस्याएं होती थीं। रुपये खत्म होने के बाद भी वह उससे व मां से और रुपयों की मांग करता था। सोमवार को मां पड़ोस में गई हुई थी। राजेश के अनुसार उसने अनूप से खाना खाने को कहा। इस पर अनूप हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आया और खुद पर डाल लिया।
वह कुछ समझ पाता कि माचिस की तीली जलाकर खुद को आग लगा ली। यह देख वह चीख पड़ा और मदद के लिए बाहर भागा। लोगों की मदद से किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।