सेन पश्चिम पारा क्ष्रेत्र के गंगापुर हीरानगर में गुरुवार दोपहर पहिया टूटने से सरिया लदा खड़खड़ा बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में खड़खडे के नीचे घोड़ा और चालक दोनों दब गए। घोड़े की मौके पर मौत हो गई, जबकि काशीराम अस्पताल में डॉक्टर ने खड़खड़ा चालक को मृत घोषित कर दिया।
मछरिया निवासी इरफान के घर खड़खड़ा चालक चुन्नू (50) पिछले 15 वर्षो से रहकर उनके खड़खड़े से भाड़ा ढुलाई का काम करता था। चुन्नू मूलरूप से कहां का निवासी था, इसकी जानकारी भी इरफान और पुलिस के पास नहीं है। गुरुवार दोपहर चुन्नू ने नौबस्ता गल्लामंडी के ज्योति इंटर प्राइजेज से साढ़े 13 कुंतल सरिया खड़खडे में लादी थी, जिसे हमीरपुर निवासी आलोक तिवारी के न्यू आजादनगर के गंगापुर हीरानगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले जा रहा था।
कच्चा रास्ता खराब होने से खड़खड़े का पहिया गड्ढे में टूट गया और खड़खड़ा पलट गया, जिससे चालक और घोड़ा दोनों दब गए। लोगों ने चालक और घोड़े को निकालने का प्रयास कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन घोड़े की मौत हो गई। पुलिस घायल चुन्नू को कांशीराम अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सेनपश्चिम पारा थाना प्रभारी गौतम सिंह ने बताया कि मृतक मूलरूप से कहां का है, इसकी जानकारी के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।