मौके पर जांच करने पहुंची पुलिस
- फोटो : amar ujala
कन्नौज के छिबरामऊ तहसील क्षेत्र में एक प्राथमिक स्कूल के शिक्षिका के पति का शव संदिग्ध हालात में मकान की दूसरी मंजिल पर मिला। सिर पर चोट व मारपीट के निशान देख हत्या का शक जताया गया है। पिता ने बहू व उसके प्रेमी समेत तीन पर हत्या कराने का आरोप लगाया है।
एसपी, सीओ इस मामले में आरोपी पत्नी से पूछताछ कर रहे हैं। मामला सौरिख थानाक्षेत्र के नगरिया तालपार गांव का है। यहां इंद्रपाल(48) पुत्र श्रीकृष्ण अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ रहते थे। शव मकान की दूसरी मंजिल पर कमरे के बाहर पड़ा मिला।
सिर से बरामदे तक खून फैला था। सिर के पास टूटा हुआ कांच का गिलास मिला। सुबह घटना की जानकारी होते ही गांव मुर्रा से परिजनों का आना शुरू हो गया। इधर, सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर छानबीन की। साक्ष्य के लिए नमूने जुटाए। दोपहर में एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पिता श्रीकृष्ण ने अपनी बहू, उसके प्रेमी व दो अन्य पर घर में आकर मारपीट करने, बेटे की हत्या कर देने का आरोप लगाया है।