कन्नौज जिले में हत्या के मामले में समर्पण करने पहुंचे दोषी को कोर्ट में दिल का दौरा पड़ गया। कोर्ट सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी आनन-फानन आरोपी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थाना विशुनगढ़ के गांव बहादुरपुर में 2006 में पूर्व प्रधान शिशुपाल के बेटे नरसिंह की बरात जा रही थी।
इस दौरान रंजिश के चलते आर्मी से सेवानिवृत्त बेचेलाल (70) ने साथी बादाम, अखिलेश, रामनिवासी और कैलाश के साथ मिलकर तोताराम यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। कोर्ट ने बेचेलाल को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। बुधवार को वह कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था।
इस दौरान कोर्ट में ही उसे हार्ट अटैक आ गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने बेचेलाल को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से मौत होने की आशंका है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।