कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई। गोंडा से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में बस सवार 38 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे यूपीडा व पुलिस कर्मियों ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात स्लीपर बस गोंडा से दिल्ली जा रही थी।
बस जैसे ही कोतवाली क्षेत्र के पचोर गांव के पास कट 185 पर पहुंची, तो तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में बस सवार 38 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे यूपीडा व पुलिस कर्मियों ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां मरीजों का प्राथमिक इलाज के सभी घायलों की हालत सामान्य बनी हुई है। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में सभी घायलों की हालत सामान्य है। लोगों कों अन्य वाहनों से उनके घर भेजा जा रहा है।