Kannauj News: थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कार में एक आधार कार्ड मिला है, जो मैनपुरी के रजनीश का है। वहां की पुलिस को सूचना दी गई है।
कन्नौज जिले में मैनपुरी से लखनऊ जा रही कार अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा टकराई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। शवों को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा है। मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
विज्ञापन
बुधवार की दोपहर यह हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना तालग्राम के मछैया गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है लखनऊ की ओर जा रही कार बुधवार दोपहर 12 बजे के करीब अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी।
सूचना पर यूपीडा सहायक सुरक्षा अधिकारी नामवर सिंह, राजेंद्र प्रसाद कनौजिया, थाना प्रभारी देवेश कुमार पाल मौके पर पहुंचे। कार से दोनों घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा। वहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।