जालौन जिले के माधौगढ़ में पुरानी रंजिश को लेकर छह हथियारबंद लोगों ने दो युवकों को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों युवक लहूलुहान होकर गिर पड़े। आवाज सुनकर युवकों के परिजन व गांव के अन्य लोग भी मौकेे पर आ गए। हमलावर मौके से भाग गए।
परिजनों ने घायलों को माधौगढ़ सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने रेफर कर दिया। परिजन घायलों को लेकर ग्वालियर चले गए। सूचना पाकर पहुंची सीओ व थाना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
रेढ़र थाना क्षेत्र के सुलखना गांव निवासी बृजेंद्र सिंह सेंगर (35) मित्र इश्तियाक(40) के साथ रविवार की शाम पांच बजे गांव में स्थित दुकान पर गुटखा लेने गए थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे छह लोगों ने अवैध असलहों से बृजेंद्र व इश्तियाक को गोली मार दी।
बृजेंद्र के जांघ व इश्तियाक की पीठ में गोली लगने से दोनों लहूलुहान हो कर गिर पड़े। गोली चलने से गांव में भगदड़ मच गई। सूचना पाकर दोनों घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे। तब तक हमलावर भाग चुके थे। परिजनों ने आननफानन में घायलों को माधौगढ़ सीएचसी पहुंचाया।