जालौन जिले में भूसा लादकर जा रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसके नीचे दबकर किसान की मौत हो गई। जबकि चालक सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कदौरा थाना क्षेत्र के रेला गांव निवासी रजेपाल (36) शनिवार की रात अपने खेत में पड़े भूसे को गांव के ही प्रेमनारायण की ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भरकर ला रहे थे।
गांव के बाहर घुमावदार मोड़ पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसके नीचे दबकर रजेपाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर चला रहे प्रेमनारायण ( 35 ) संतोष पाल ( 40) और सुरेंद्र ( 32 ) घायल हो गए। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान धर्मसिंह ने ग्रामीणों के साथ दबे लोगों को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया और घटना की पुलिस को सूचना दी।
डॉक्टरों ने रजेपाल को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक के पास दो बीघा जमीन है। जिससे वह परिवार का भरण पोषण करता था। पत्नी विनीता व पुत्री दीपिका, दीक्षा और इच्छा सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष योगेश पाठक का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लापरवाही से हो रहे हादसे
तीन माह पहले 31 दिसंबर की रात थाना क्षेत्र के कुंआखेड़ा गांव में मटर उतारकर आ रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर सरकारी स्कूल के पास पलट गया था। जिससे ट्रैक्टर के नीचे दबने से तीन किसानों भूरेपाल, प्रताप कुशवाहा व लोकेंद्र की मौत हो गई थी। जबकि मनोज कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गया था।