रूरा। थानाक्षेत्र के अंगदपुर में सोमवार की शाम पांच बजे के करीब घर के कमरे में आईटीआई छात्र का शव फंदे पर लटका मिला। परिजन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर मौके से साक्ष्य जुटाए।
अंगदपुर निवासी अशोक पाल के पुत्र सचिन पाल उर्फ गोलू (21) कमरे के अंदर पंखे के कुंडे में गमछे के फंदे से लटका मिला। कमरे में भाई को बुलाने पहुंची बहन ने उसे फंदे पर लटका देख शोर मचाया, तो अन्य परिजन आ पहुंचे। पिता अशोक कुमार ने बताया कि वह झींझक के एक निजी स्कूल से आईटीआई कर रहा था। अनहोनी पर मां सुधा देवी, बड़ी बहन रूचि व छोटे भाई निखिल बिलखते रहे। थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि घटना को लेकर जांच की गई है। परिवार के लोग आत्महत्या के कारणों की जानकारी नहीं दे सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।