फोटो 19:::राष्ट्रीय रैगिंग विरोध दिवस पर आयोजित कार्यशाला में संबोधित करते कुलपति प्रो. डॉ. अ
सैफई। राष्ट्रीय रैगिंग विरोध दिवस के अवसर पर मंगलवार को उप्र आयुर्विज्ञान विवि में एंटी रैगिंग समिति के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ करते हुए कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह ने ुकया। उन्होंने कहा कि एंटी रैगिंग दिवस केवल एक दिन या सप्ताह का जागरूकता अभियान नहीं है, बल्कि पूरे वर्ष बेहतर कार्यशैली के माध्यम से रैगिंग के खिलाफ जागरूकता को बढ़ाना है।
कुलपति ने कहा कि छात्रों को रैगिंग के खतरों के बारे में शिक्षित करना और संस्थान में छात्र-गुरु परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सम्मान एवं सद्भाव की संस्कृति को प्रोत्साहित करना ही कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। किसी भी समस्या के समाधान के लिए छात्र उनसे बात कर सकते हैं। छात्र और गुरुओं के बीच सफल संवाद ही एक सशक्त पारिवारिक वातावरण का निर्माण करता है।
उन्होंने सभी संकाय सदस्यों से छात्रों के साथ आत्मीयतापूर्ण व्यवहार करने की अपील की जिससे छात्र खुलकर अपनी बात रख सकें और उनकी समस्याओं का बेहतर समाधान हो सके। एंटी रैगिंग समिति के अध्यक्ष डॉ. सोमेंद्र पाल ने कहा कि रैगिंग एक निंदनीय कृत्य है। इसका संस्थान में कोई स्थान नहीं है। प्रतिकुलपति प्रो. डॉ. रमाकांत, संकायाध्यक्ष प्रो. डॉ. आदेश कुमार, स्टूडेंट वेलफेयर डीन प्रो. डॉ. आलोक दीक्षित, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ एसपी सिंह व सभी संकायाध्यक्ष, संकाय सदस्य और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संचालन एमबीबीएस छात्र अभिषेक और एसोसिएट प्रो. डॉ. शवाना ने किया।