कानपुर। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही और खराब प्रदर्शन पर मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंडी सचिव समेत चार अफसरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं लगातार डी श्रेणी में बने रहने पर जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए।
सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी न्यायिक महेश प्रकाश के कार्यों की समीक्षा की। आरसीएमएच डैशबोर्ड और कुर्रा बंटवारा (धारा-116) समेत विभिन्न मामलों में लापरवाही मिलने पर प्रदर्शन पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त आवेश खान को भी गरीबी उन्मूलन, पीएम स्वनिधि योजना और अन्य योजनाओं में खराब प्रगति पर नोटिस जारी करने को कहा। समीक्षा के दौरान मंडी सचिव विजन बालियान आधी-अधूरी तैयारी के साथ बैठक में पहुंचे थे। इस पर डीएम ने कहा कि बिना तैयारी बैठक में आना ठीक नहीं है। उन्होंने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। राजस्व वसूली में खराब प्रदर्शन पर खनन अधिकारी पारसनाथ यादव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में अभिनव जे. जैन, अनुभव सिंह, डॉ. विवेक चतुर्वेदी, डॉ. राजेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।