यूपी के कन्नौज जिले में सौरिख थाने के एक गांव में 20 रुपये का लालच देकर युवक ने खेत में बच्ची से दुष्कर्म किया, फिर गला घोटकर उसकी हत्या कर दी। दूसरे दिन गुरुवार को खेत में बच्ची का शव पड़ा मिला। जांच के बाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
सौरिख थाना क्षेत्र के चपुन्ना चौकी के एक गांव निवासी एक किसान की नौ वर्षीय बेटी बुधवार दोपहर करीब दो बजे पड़ोस के चार बच्चों के साथ शौच के लिए खेत पर गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने थाने पहुंचकर रात को गुमशुदगी दर्ज कराई। गुरुवार सुबह करीब सात बजे परिजनों को पड़ोसी लोखड़िया गांव निवासी किसान शिवाजीत के मक्के के खेत में बच्ची का शव पड़ा मिला। बच्ची के कपड़े फटे थे और उसके नाजुक अंगों पर चोट थी। पास पड़ी चप्पल खून से सनी थी।