कानपुर। कोरोना संकट से निपटने के लिए शहर के उद्यमियों ने सीमित संसाधनों में ही उत्पादन को रफ्तार देने की तैयारी कर ली है। इसी का नतीजा है कि औद्योगिक इकाइयां खोलने की अनुमति मिलने के एक सप्ताह के भीतर ही दादा नगर और पनकी में 50 फीसदी से अधिक इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है। बिजली विभाग का लोड भी इस आंकड़े की पुष्टि कर रहा है। सौ फीसदी इकाइयां चलने पर जितने लोड की खपत होती थी मौजूदा समय में उसके आधे लोड की खपत होनी शुरू हो गई है।
पनकी, दादानगर व फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र में करीब 15 हजार औद्योगिक इकाइयां हैं। यानी अभी तक करीब सात से आठ हजार इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है। हालांकि उत्पादन की गति अभी बहुत तेज नहीं है। कच्चे माल की कमी की वजह से उत्पादन न रुके इसलिए संबंधित आपूर्तिकर्ताओं से आपूर्ति बनाए रखने का आग्रह किया गया है। नकदी के संकट के बीच उद्यमियों ने 50 फीसदी नकद और 50 फीसदी उधार का फार्मूला अपनाया है। आपूर्तिकर्ता इससे संतुष्ट हैं। इसी तरह से ट्रांसपोर्ट कंपनियों से भी एडवांस बुकिंग की बात चल रही है। यानी कि माल बनने के बाद उसे गोदाम में रोकने के बजाय तत्काल लोड करके माल खरीदने वाले तक पहुंचाने की कवायद चल रही है। इससे आपूर्ति शृंखला बनी रहेगी और अगला आर्डर जल्द मिलने की गुंजाइश बनी रहेगी।