टेस्ट मैच की दूसरी पारी में भी श्रेयस अय्यर (65 रन) और रिद्घिमान शाहा (नाबाद 61 रन) की शानदार बल्लेबाजी की वजह से सात विकेट पर 234 रन बनाकर भारतीय टीम ने पारी घोषित कर दी। 284 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने भी चार रन पर पहला विकेट खो दिया।
कानपुर ग्रीनपार्क में खेले जा रहे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में भी भारतीय टीम के शीर्ष क्रम ने निराश किया। चेतेश्वर पुजारा और कप्तान अंजिक्य रहाणे का फ्लॉप शो जारी रहा। चौथे दिन 14 रन से आगे खेलते हुए लंच के पहले ही आधे खिलाड़ी पवेलियन लौट गए। इस समय टीम का स्कोर 51 रन था। टिम साऊदी और काइल जैमिसन ने शानदार गेंदबाजी की। हालांकि इसके बाद भारतीय टीम ने सधी बल्लेबाजी की।
विज्ञापन
श्रेयस अय्यर (65 रन) और रिद्घिमान शाहा (नाबाद 61 रन) की शानदार बल्लेबाजी की वजह से सात विकेट पर 234 रन बनाकर भारतीय टीम ने पारी घोषित कर दी। 284 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने भी चार रन पर पहला विकेट खो दिया। आर अश्विन ने विल यंग (2 रन) को सस्ते में चलता कर दिया। श्रेयस ने अपने पहले ही मैच में शतक जड़ने के बाद दूसरी पारी में अर्द्धशतक जड़कर खासा प्रभावित किया है।
वहीं शाहा ने अपनी छठवां अर्द्धशतक ग्रीनपार्क में लगाया है। खेल के पहले सत्र में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। टिम साउदी ने मैच के 20वें ओवर में दो विकेट चटकाकर भारतीय टीम के शीर्ष क्रम की रीढ़ तोड़ दी। टिम ने तीन गेंदों में दो विकेट झटके। 19.2 ओवर में पहले मयंक अग्रवाल को 17 रन पर आउट किया। इसके बाद चौथी गेंद में जड़ेजा को शून्य पर चलता किया।
विज्ञापन
जडेजा टेस्ट मैच में पांचवीं बार शून्य पर आउट हुए हैं। इसके बाद श्रेयस अय्यर और अश्विन ने संभलकर खेलना शुरू किया और सातवें विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 103 पर पहुंचाया। इसी बीच 36 रन के स्कोर पर खेल रहे अश्विन काइल जैैमिसन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।
इसके बाद अय्यर और शाहा ने टीम का स्कोर बढ़ाया। सातवें विकेट के रूप में टिम साउदी ने श्रेयस को अपना शिकार बनाया। इस दौरान टीम का स्कोर 167 था। इसके बाद शाहा और अक्षर पटेल ने आठवें विकेट के लिए नाबाद 67 रन की साझेदारी की। शाहा ने मैच की दूसरी पारी में तकनीक में सुधार करके शानदार पारी खेली।
IND vs NZ: विकेट लेने के बाद जश्न मनाते खिलाड़ी
- फोटो : amar ujala
श्रेयस ने अमरनाथ का तोड़ा रिकार्ड
श्रेयस अय्यर ने टेस्ट मैच की पहली पारी में 105 रन और और दूसरी पारी में 65 रन मिलाकर कुल 170 रन बनाए। उन्होंने डेब्यू मैच में इतने रन बनाकर लाला अमरनाथ का रिकार्ड तोड़ा। अमरनाथ ने 1933-34 में इंग्लैंड के खिलाफ 156 रन बनाए थे। इस लिस्ट में पहले नंबर पर शिखर धवन हैं। धवन ने 2012-13 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में 187 रन बनाए थे। रोहित शर्मा ने 2013-14 में विंडीज के खिलाफ कोलकाता में 177 रन बनाए थे। श्रेयस डेब्यू टेस्ट में शतक और अर्द्धशतक जड़ने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले ओवरऑल 10वें खिलाड़ी हैं।
गावस्कर और दिलावर हुसैन की बराबरी
डेब्यू टेस्ट की दोनों पारियों में 50-50 से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में श्रेयस तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इससे पहले दिलावर हुसैन और सुनील गावस्कर ने ये रिकार्ड बनाए था। दिलावर हुसैन ने इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता में 1933-34 में खेले गए मैच की पहली पारी में 59 और दूसरी पारी में 57 रन बनाए। सुनील गावस्कर ऐसे दूसरे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अपने पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 50 से ज्यादा रन बनाए। गावस्कर ने 1970-71 में पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली पारी में 65 और दूसरी पारी में नाबाद 67 रन बनाए थे। अय्यर इन दोनों से एक कदम आगे हैं क्योंकि उन्होंने पहली पारी में शतक लगाया और दूसरी पारी में अर्द्धशतक जड़ा।
कप्तान रहाणे और पुजारा का फ्लाप शो
टेस्ट टीम की कमान संभाल रहे अजिंक्य रहाणे का फ्लाप शो जारी रहा। दूसरी पारी में वो केवल चार रन बनाकर आउट हो गए। पहली पारी में केवल 35 रन बनाए थे। वहीं चेतेश्वर पुजारा ने भी दर्शकों को बहुत निराश किया। वह भी केवल 22 रन बनाकर आउट हुए। पहली पारी में उन्होंने 26 रन बनाए थे। जबकि पुजारा का ग्रीनपार्क में इससे पहले बेहतर रिकार्ड रहा है। 2016 में न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों पारियों में 140 रन बनाए थे। इसमें एक अर्द्धशतक भी था। वहीं मयंक अग्रवाल भी कुछ खास नहीं कर पाए। पहली पारी में उन्होंने 13 और दूसरी पारी में 17 रन बनाए।
छठवें, सातवें, आठवें विकेट लिए अर्द्धशतकीय साझेदारी
भारतीय टीम के शीर्ष क्रम के फ्लाप शो के बाद मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाजों ने टीम को संभाला। छठवें विकेट के लिए भारतीय खिलाड़ियों ने 52, सातवें विकेट के लिए 64 और आठवें विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की। इससे पहले भारतीय टीम ने 2007 में ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ छठवें, सातवें और आठवें विकेट के लिए अर्द्घशतकीय साझेदारी की थी।