कानपुर देहात। त्योहारों के नजदीक आते ही जिले में बधाई देने वाली होर्डिंग की भरमार हो गई है। नेताओं व विभिन्न कंपनियों की ओर से विद्युत व दूरसंचार विभाग के खंभों तक पर होर्डिंग लगवा दी गई है।
यह बात और है कि अवैध होर्डिंग से नगर पालिका व इन विभागों को एक धेले की कमाई नहीं है। तेज हवा में होर्डिंग व बैनर हिलने से विद्युत लाइन में फाल्ट होते हैं। वहीं खंभों पर चढ़ने-उतरने में लाइनमैनों को परेशानी होती है। इसके बावजूद इन होर्डिंग के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
अवैध होर्डिंग, बैनर व पोस्टरों की वजह से जिले के नगरीय क्षेत्रों की सूरत बिगड़ गई है। स्थिति ये हैं कि हर प्रमुख स्थान पर बेतरतीब होर्डिंग व बैनर टंगे नजर आते हैं। नियमावली के अभाव में बिजली व टेलीफोन के खंभों तक पर विज्ञापन एजेंसी या अन्य लोगों ने अपनी होर्डिंग लगवा रखी है।
तेज हवा चलने पर अवैध होर्डिंग व बैनर हिलने से विद्युत लाइन में फाल्ट होते हैं। खंभे पर चढ़ने में टंगी होर्डिंग से लाइनमैनों को परेशानी होती है। जिम्मेदार अफसरों की अनदेखी की वजह से लोगों के बिजली व टेलीफोन के खंभों पर मनमानी तरीके से होर्डिंग लगाने पर रोक नहीं लग पा रही है। अकबरपुर कस्बे में स्टेट बैंक रोड, माती रोड, पराग डेयरी रोड, रूरा रोड व ब्लॉक रोड पर अवैध होर्डिंग से बिजली के खंभे पटे पड़े हैं।
बिजली के खंभों पर होर्डिंग व बैनर टांगना गलत है। इसकी वजह से लाइनमैनों को खंभों पर चढ़ने में परेशानी होती है। कई बार लाइनमैन गिरकर चुटहिल हो चुके हैं। वहीं तेज हवा चलने पर कई बार बैनर तारों में उलझ जाता है इससे फाल्ट होता है। अवैध होर्डिंग हटवाने का अभियान चलाया जाएगा। - कुलदीप यादव, एक्सईएन पुखरायां विद्युत खंड
टेलीफोन के खंभों पर प्रचार आदि की सामग्री टांगना गलत है। कई बार इसे हटवाया गया है। निरीक्षण कर सामग्री को हटवा दिया जाएगा। - दिनेश कुमार, एसडीओ टेलीफोन्स माती एक्सचेंज