कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली के एक गांव में नाबालिग से छेड़छाड़ व विरोध करने पर मारपीट के आरोपी को पीड़ित पक्ष ने बुधवार को पकड़ कर पुलिस को सौंपा था। मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष पर ही शांतिभंग की कार्रवाई कर दी। वहीं, आरोपी 24 घंटे से पुलिस हिरासत में हैं।
एक गांव में 22 अक्तूबर की शाम दुग्ध संग्रहण केंद्र में दूध बेचकर किशोरी वापस घर लौट रही थी। तभी गांव के नीरज, लाखन व हिमांशु ने उसे पकड़ कर अगवा करने का प्रयास किया। इस दौरान उसके साथ छेड़छाड़ भी की। शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़े तो आरोपी मौके से भाग गए थे।
मामले में किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट, छेड़छाड़, पाक्सो एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की थी। कई माह बीतने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों ने बुधवार को आरोपी नीरज को पकड़ लिया और उसे लेकर कोतवाली लेकर पहुंचे।
वहां कोतवाल ने पीड़ित पक्ष के तीन लोगों को भी बैठा लिया। इसके बाद पीड़ित पक्ष पर शांतिभंग की कार्रवाई कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। वहां से तीनों को जमानत मिल गई।
वहीं आरोपी 24 घंटे से पुलिस हिरासत में है। कोतवाल विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष को किसी आरोपी को पकड़ने का अधिकार नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी हिरासत में है।