कानपुर में नाना राव पार्क के पास मंगलवार सुबह अचानक नीम का पेड़ टूटकर गिर गया। अचानक पेड़ गिरने से कई लोग चपेट में आकर चोटिल हो गए। इनमें एक युवक का पैर पेड़ के नीचे दब गया। आसपास के लोगों ने बमुश्किल उसे बाहर निकाला। बता दें कि सुबह 6 बजे बहुत ही पुराना और बहुत ही विशाल नीम के पेड़ का एक हिस्सा अचानक चरमरा कर जमीन पर गिर पड़ा।
विज्ञापन
नाना राव पार्क, पर्यावरण मित्र परिषद के महामंत्री चंदन राय गर्ग ने बताया कि इस दौरान मॉर्निंग वॉक के लिए आए कई लोग पेड़ की चपेट में आकर चोटिल हो गए। इसमें मुख्य तौर पर नीरज नाम के युवक को सबसे ज्यादा चोट आई है। युवक आजमगढ़ से कानपुर अपने किसी रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। इस हादसे में उसका पैर फ्रैक्चर हो गया है।
साथ ही एक महिला के नाक पर भी चोट आई है। वहीं, कुछ लोगों को मामूली चोटें भी लगी हैं। आनन-फानन में पार्क में टहल रहे लोगों की मदद से फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली की जीप से घायलों को उर्सला अस्पताल ले जाया गया है।