Hamirpur News: बेटे ने आरोप लगाया कि तार टूटने की सूचना के बावजूद विद्युत विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। समय रहते विद्युत तार ठीक कर दिया जाता, तो उनके पिता की जान बच जाती।
हमीरपुर जिले में कुरारा थाना क्षेत्र के झलोखर गांव में शुक्रवार सुबह गेंहू के खेत में सिंचाई करते समय हाईटेंशन लाइन का तार किसान के ऊपर गिर गया। इससे किसान की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर एसडीएम, सीओ और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विधायक ने भी परिजनों से मुलाकात की है।
विज्ञापन
झलोखर गांव निवासी राघवेंद्र ने बताया कि उसके पिता शिवराम प्रजापति (63) के नाम चार बीघा जमीन है, जिसमे गेंहू की फसल बोई थी। शुक्रवार सुबह सात बजे वह खेत मे पानी में लगाने पहुंचे थे, जहां हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर उनकी जलकर दर्दनाक मौत हो गई। आरोप लगाया कि तार टूटने की सूचना के बावजूद विद्युत विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
समय रहते विद्युत तार ठीक कर दिया जाता, तो उनके पिता की जान बच जाती। घटना से होली की खुशियां मातम में बदल गई। कुरारा थाना प्रभारी नंदराम प्रजापति ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के तार किसान के ऊपर गिरने से मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।