भीतरगांव (घाटमपुर)। साढ़ थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने लूट की तीन वारदातों को अंजाम देकर पुलिस गश्त की पोल खोल दी है। लूट की दो वारदातें शनिवार रात व एक रविवार सुबह की हैं। सभी वारदातों में मोबाइल और नगदी लूटने की बात कही गई। वहीं थानाध्यक्ष ने सभी लूटों को संदिग्ध बता जांच के बाद मुकदमा लिखने की बात कही। थानाध्यक्ष साढ़ पीएन बाजपेई का कहना है कि तीनों लूट की घटनाएं संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं। फिर भी जांच की जा रही है, घटना सही पाए जाने पर लूट का मुकदमा पंजीकृत किया जाऐगा।
वारदात एक: शनिवार रात 8 बजे की। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बाड़ापुर निवासी शेषनारायण शर्मा (32) शनिवार देर शाम अपने ननिहाल साढ़ थाने के रातेपुर गांव बाइक से आ रहे थे। जैसे ही वह बाइक से साढ-कुड़नी मार्ग पर पहुंचे तभी बाइक सवार बदमाशों को शेषनारायण को ओवरटेक कर बाइक रोक ली और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद पर्स में पड़े 31 सौ रुपये, मोबाइल और चांदी की अंगूठी लूट ले गए। शेषनारायण ने उधर से गुजर रहे बाइक सवार के फोन से सूचना ननिहाल और यूपी 112 पुलिस को दी।
वारदात दो: कुड़नी कस्बा निवासी दीपक साहू ने बताया कि शनिवार रात 9 बजे के आसपास कस्बे से दुकान बंद कर घर जा रहा था। तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने आवाज देकर रोका और जबरन मोबाइल छीन कर भाग गए। उसने बताया मोबाइल के कवर के अंदर दो हजार का एक नोट भी पड़ा था। पीङित ने रविवार को साढ़ थाने में तहरीर दी।
वारदात तीन: तीसरी वारदात रविवार सुबह 9 बजे के आसपास साढ़-गंभीरपुर मार्ग में पानीपुरवा मोड़ के पास हुई। कुटिया रामपुर स्थित ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा शैलेश यादव (18) पुत्र लक्ष्मण यादव निवासी ललकीपुरवा साइकिल से कस्बा साढ़ में पशु आहार दुकान में चूनी चोकर का हिसाब करने जा रहा था तभी पानीपुरवा मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने रोका। एक बाइक से उतरकर उसके पास आया और मारपीट कर मोबाइल तथा 15 हजार की नगदी जेब से निकाल ली। इसके बाद दोनों बदमाश गम्भीरपुर गांव की ओर भाग गए।