क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की सहायता से किनारे किया गया
- फोटो : DEHAT
बिल्हौर। कोतवाली क्षेत्र से गुजरे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार सवार आजमगढ़ निवासी चार व्यापारी घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी बिल्हौर बंद होने पर कन्नौज मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
मकनपुर चौकी इंचार्ज वेद प्रकाश मिश्र ने बताया कि आजमगढ़ निवासी व्यापारी कल्लू, रवि कुमार, अंशुमान और आकाश रविवार सुबह लखनऊ गोमती नगर से भोर पहर दिल्ली के लिए रवाना हुए थे, जब व्यापारियों की कार क्षेत्र के मकनपुर अंडरपास के समीप पहुंची तभी अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से टकराती हुई दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
दुर्घटना में कार सवार सभी व्यापारी बुरी तरह घायल हो गए और गाड़ी के परखचे उड़ गए। हाईवे पुलिस की सूचना पर आनन-फानन में यूपीडा एंबुलेंस से सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बिल्हौर पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल के एक कर्मी के कोरोना पॉजिटिव होने के कारण 48 घंटे के लिए सीएचसी बंद है। जिस कारण सभी घायलों को उपचार के लिए तिर्वा कन्नौज मेडिकल कालेज भेजा गया।