जिला अस्पताल के निर्माणाधीन डायलिसिस सेंटर में कर्मियों को निर्देशित करते सीएमएस डॉ.वीपी सिंह।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिला अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस सेंटर शुरू होने की उम्मीद बंधी है। शासन से मिले पांच लाख रुपये से चिह्नित स्थान पर डायलिसिस के लिए कक्ष का निर्माण किया जा रहा है। बुधवार को सीएमएस ने कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र मेें भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य की जांच और पोषक तत्व देने के निर्देश दिए।
जिले के किसी भी सरकारी व प्राइवेट अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा न होने से मरीजों को कानपुर नगर समेत अन्य बड़े शहरों की दौड़ लगानी पड़ती है। वर्ष 2018 में शासन ने जिला अस्पताल, अकबरपुर में डायलिसिस यूनिट स्थापित करने के निर्देश दिए थे। दो साल तक स्थान चिह्नित न हो पाने से यूनिट स्थापित होने का मामला लटका रहा। मौजूदा सीएमएस डॉ. वीपी सिंह ने महिला अस्पताल के पुराने में खाली कमरे में डायलिसिस यूनिट के लिए चिह्नित कर शासन में पत्र भेजा था। वहां से पांच लाख रुपये बजट आवंटित कर सीएमओ के पास भेजा गया।
बुधवार को सीएमएस ने डायलिसिस यूनिट के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मानक के अनुसार कक्षों का निर्माण करने के निर्देश दिए। बताया कि दो कक्ष बनाए जा रहे हैं। एक कक्ष में डायलिसिस मशीन व दूसरे में स्टाफ, कंप्यूटर आदि उपकरण लगाए जाएंगे। मशीन के लिए दस हजार लीटर क्षमता की पानी टंकी बनाई जाएगी। इसके बाद सीएमएस ने पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। वहां चार कुपोषित बच्चे भर्ती मिले। सीएमएस ने सभी के स्वास्थ्य की हर रोज जांच, समय पर पोषक तत्वों से भरपूर आहार देने के निर्देश दिए।