हमीरपुर के राठ में महिला सदस्यों के माध्यम से युवकों को फंसाकर रुपये ऐंठने वाला हनी ट्रैप गैंग जिले में सक्रिय है। सोमवार सुबह एक युवक को अगवाकर 70 हजार रुपये मांगे गए। मामला पुलिस के पास पहुंचने पर जब दबाव बढ़ा तो युवक को छोड़ दिया गया।
जरिया के एक गांव निवासी युवक ने बताया तीन माह पहले उसके बडे़ भाई के पास एक युवती का फोन आया। दोस्ती के बाद उसने रुपयों के लिए ब्लैकमेल किया। रुपये न देने पर करीब दो माह पहले दो युवतियां व दो युवक घर पहुंच गए। जहां दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई।
सूचना पर यूपी 112 युवतियों को थाने ले गई। पीड़ित ने बताया अगले दिन थाने में उसके भाई के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। सोमवार को उसका भाई राठ में बाइक की सर्विस कराने गया था। जहां से कुछ युवक उसे अगवा कर ले गए। फोन कर परिजनों से 70 हजार रुपये मांगे।
भाई की तलाश में वह भटकता रहा। थाने में सूचना देने पर पुलिस का बढ़ता दबाव देख उसके भाई को छोड़ दिया गया है। कोतवाल मनोज शुक्ला ने कहा इस गैंग की गतिविधियों की सूचना मिल रही है। कोई ठोस सबूत अथवा वादी न होने पर कार्रवाई में देरी हो रही है।