उत्तर प्रदेश के बांदा में शराब बिक्री के पहले ही दिन नशे में धुत दबंगों ने अनुसूचित जाति के 55 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। वह सब्जी बेचता था। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों आरोपी फरार हैं। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घटना पैलानी थाना क्षेत्र के निवाइच गांव की है। सोमवार को आधी रात बहोरी वर्मा के दरवाजे पर गांव के दो दबंग युवक उत्पात मचा रहे थे। बहोरी का पुत्र दुर्गेश दरवाजे से बाहर निकला और उन्हें मना करने लगा। इससे नाराज दबंगों ने 315 बोर तमंचा से उस पर फायर कर दिया।
इसी बीच दुर्गेश को बचाने में पिता बहोरी आगे आ गया। गोली उसके दाहिने कंधे पर जा लगी। गोली चलाकर दोनों दबंग फरार हो गए। उधर, पुत्र दुर्गेश की सूचना पर मौके पर आई यूपी-112 पुलिस बहोरी को लेकर ट्रामा सेंटर आई। यहां डॉक्टरों ने उसकी मृत्यु की पुष्टि कर दी।
दुर्गेश की ओर से पैलानी थाना में प्रभात पुत्र अवधेश सिंह व शिवम पुत्र संग्राम सिंह के विरुद्ध धारा 302 की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बहोरी फुटकर सब्जी बेचता था। परिजनों के मुताबिक उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उसका एक पुत्र सूरत में मजदूरी करता है। अपर पुलिस अधीक्षक एलबीके पाल सहित पैलानी, चिल्ला, जसपुरा आदि थाना प्रभारी फोर्स के साथ गांव पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।