सिकंदरा। आगरा से चुनाव ड्यूटी कर घर लौटे होमगार्ड की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इलाज के दौरान एक क्लीनिक पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अमराहट थाना क्षेत्र के महेशपुर निवासी अवधेश निषाद ने बताया कि पिता हरिशंकर निषाद होमगार्ड थे। आगरा से चुनाव ड्यूटी कर बुधवार सुबह वह घर लौट रहे थे। अचानक तबीयत बिगड़ जाने पर पिता घर न आकर सीधे एक क्लीनिक पर पहुंच गए। यहां से तबीयत खराब होने की जानकारी दी। जब वह व परिवार के लोग क्लीनिक पहुंचे तो पिता के ड्रिप लगी हुई थी। बताया कि कुछ देर बाद ही पिता की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंचे एसआई उमाशंकर सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।