डेरापुर। सांसद की गोद ली गई सीएचसी में कई माह से बंद रखी सीबीसी मशीनों में डायुलेंट डाले जाने के बाद भी चालू नहीं हो सकी। वहीं एक्सरे मशीन भी मंगलवार तक चालू करने के प्रयास ऑपरेटर कर रहे हैं।
इटावा लोकसभा सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने डेरापुर सीएचसी को गोद लिया है। उनके प्रयास से सीएचसी को करीब दस लाख रुपये से सीबीसी, यूरिन, हाट से संबंधित मशीनें उपलब्ध कराई गई। इन मशीनों ने एक सप्ताह काम किया। इसके बाद करीब छह माह से बंद रखी है। अमर उजाला ने बीती 16 अप्रैल को खबर प्रमुखता के साथ प्रकाशित की थी। जिसका सीएमओ ने संज्ञान में लेते हुए चिकित्साधीक्षक को सभी मशीनें जांच के लिए संचालित करने के निर्देश दिए थे। सोमवार को सीबीसी मशीन का डायुलेंट व एक्सरे मशीन की प्लेट सहित अन्य सामग्री लैब टेक्नीशियन अमित कुमार व एक्सरे ऑपरेटर अनूप को उपलब्ध कराई गई। चिकित्साधीक्षक डॉक्टर अशोक कुमार ने बताया कि सीबीसी मशीन तकनीकी खराबी के चलते सही नहीं हो सकी है। मंगलवार को मशीनों से संबंधित इंजीनियरों को बुलाया गया है। सभी जांच संबंधी मशीनें मंगलवार को ठीक करा दी जाएगी।