कानपुर देहात। पंचायत उप चुनाव के बाद संगठित हुई 412 ग्राम पंचायतों के प्रधानों व सदस्यों को अलग-अलग जगहों पर शपथ दिलाई गई। इस दौरान कोविड नियमों का पालन किया गया। शपथ वर्चुअल माध्यम से दिलाई गई। अब बीस जून को प्रधानों की मौजूदगी में पहली बैठक संपन्न कराई जाएगी।
अकबरपुर ब्लॉक के करीब तीस से अधिक प्रधान व सदस्यों को शुक्रवार को कोरम पूरा होने के बाद एसडीएम राजीव राज ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसी प्रकार झींझक, मैथा, डेरापुर, राजपुर, रसूलाबाद आदि ब्लॉकों के नवनिर्वाचित प्रधानों व सदस्यों को भी शपथ दिलाई गई।
डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पंचायत उप चुनाव के बाद सदस्यों का कोरम पूरा होने पर जिले के 412 प्रधानों को शपथ दिलाई गई है। अब जल्द प्रधानों की मौजूदगी में पहली बैठक कराई जाएगी।
लोगों को वैक्सीनेशन के लिए किया जागरूक
संदलपुर। हवासपुर ग्राम पंचायत में कोरम न पूरा न होने के कारण ब्लॉक के 32 में से 31 प्रधानों को ही शपथ दिलाई गई। ग्राम पंचायत लौवा में मोहनी ने शपथ लेते हुए गांव में 18 वर्ष से अधिक लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गांव में साफ -सफाई रखने में ग्रामीणों से सहयोग की अपील की। इस दौरान रोजगार सेवक सुरेंद्र बाबू, जय सिंह, हरनाम सिंह, उर्मिला देवी, ममता देवी, शिवपाल, जगदीश चंद्र मौजूद आदि रहे।
सदस्यों ने प्रधान को पहनाया चांदी का मुकुट
शिवली। मैथा ब्लॉक की 45 ग्रामसभा में शुक्रवार को ग्राम प्रधानों व सदस्यों को शपथ दिलाई गई। मांडा में शपथ ग्रहण के बाद तीसरी बार प्रधान बनी सीमा राठौर को सदस्यों ने चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने ब्लॉक में सबसे ज्यादा वोट पाकर प्रधान पद का चुनाव जीता था। ब्लॉक में अब तक 73 ग्राम प्रधान शपथ ले चुके है। एडीओ पंचायत अखिलेश कुशवाहा ने शोभन ग्राम पंचायत में सदस्यों का कोरम पूरा नहीं हुआ है। इसके चलते वहां प्रधान को शपथ नहीं दिलाई गई।
अमरौधा में 41 तो मलासा में 40 प्रधानों ने ली शपथ
पुखरायां। विकासखंड अमरौधा के 41 और मलासा के 40 ग्रामपंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और सदस्याें की वर्चुअल शपथ दिलाई गई। एडीओ पंचायत लाखन सिंह ने बताया कि अमरौधा ब्लॉक की 41 ग्रामपंचायतों में पूर्व में सदस्यों का कोरम पूरा न होने के कारण प्रधानों को शपथ नहीं दिलाई जा सकी थी। पंचायत उपचुनाव में सदस्यों का चुनाव हो जाने के बाद पुखरायां से तहसीलदार रामशंकर वर्मा ने 41 प्रधानों व सदस्यों को वर्चुअल शपथ दिलाई। वहीं मलासा के एडीओ पंचायत हरीओम सक्सेना ने बताया कि 40 प्रधानों व पंचायत सदस्यों को शुक्रवार को एसडीएम दीपाली भार्गव ने वर्चुअल तरीके से शपथ दिलाई।