पड़ोसी गांव में मक्का काटने के बाद बाइक से घर जा रहे दो मजदूरों को संडीला-मल्लावां मार्ग पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में दोनों को पुलिस ने संडीला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। कछौना कोतवाली क्षेत्र के धनाखेड़ा निवासी अवनीश कुमार (26) मजदूरी करता था। आस पास के गांवों में खेतों में मजदूरी करने जाता था।
बुधवार की सुबह वह गांव के ही रामऔतार (55) के साथ बाइक से कासिमपुर थाना क्षेत्र के कहली गांव में मक्के की कटाई करने गया था। अवधेश और रामऔतार मक्के की कटाई करने के बाद देर शाम बाइक से वापस अपने गांव जा रहे थे। बाइक अवनीश चला रहा था। संंडीला-मल्लावां मार्ग पर कहली गांव के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना की जानकारी पर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। कुछ ग्रामीणों ने दोनों बाइक सवारों को पहचान लिया और उनके परिजनों के साथ ही पुलिस को सूचना दी।