हरदोई जिले में विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना 10 मार्च गुरुवार सुबह से शुरू होगी। सभी सीटों के लिए 14- 14 मेजों की व्यवस्था की गई है। इन मेजों पर बूथवार वोटों की गिनती होगी। पहला रुझान सुबह नौ बजे के आसपास आने की उम्मीद है। मतगणना मेजों के संभावित चक्रों को लेकर सबसे पहले सांडी और गोपामऊ सीटों के परिणाम आने की संभावना जताई गई है।
सबसे ज्यादा बूथ संख्या वाली सवायजपुर सीट की गणना सबसे बाद में पूरी होगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बीएल भार्गव ने बताया कि सभी सीटों के वोटों की गिनती एक साथ एक समय पर शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम अविनाश कुमार और एसपी राजेश द्विवेदी ने बुधवार को मतगणना स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया।