Hamirpur News: यमुना ब्रिज हादसे के बाद कई किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा, जिससे रात भर यात्री परेशान रहे। पुलिस ने महज 15 मिनट में ट्रैफिक सुचारू करने का दावा किया है।
हमीरपुर जिले में यमुना ब्रिज पर सोमवार-मंगलवार की रात करीब दो बजे हुए हादसे के बाद यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के तुरंत बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और देखते ही देखते कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। सहालग के चलते पहले से ही भारी ट्रैफिक दबाव था, जिससे हालात और बिगड़ गए। रातभर वाहन रेंगते रहे और कई जगहों पर यातायात लगभग ठप रहा। सुबह तक भी जाम की स्थिति बनी रहने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर ट्रैफिक नियंत्रण नहीं होने से जाम बढ़ता चला गया। वहीं, ट्रैफिक दीवान असित का कहना है कि हादसे के बाद कुछ समय के लिए ट्रैफिक पर दबाव बना था। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने गाड़ियों को हटवाया और करीब 10-15 मिनट में यातायात सुचारू करा दिया गया। उनके अनुसार ट्रैफिक पूरी तरह बंद नहीं हुआ था, बल्कि सहालग के कारण वाहनों की संख्या अधिक होने से दबाव बना रहा।