ललपुरा थानाक्षेत्र के भुजपुर गांव में बुधवार को पारिवारिक विवाद के बाद एक साधु ने अपने पेट में चाकू घोंप लिया। गंभीर हालत में उसे पहले छानी सीएचसी, फिर जिला अस्पताल लाया गया। सर्जन उपलब्ध न होने के कारण पेट में धंसी चाकू निकाले बिना प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना देखकर घबराई उसकी नातिन भी बेहोश हो गई जिसका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।
भुजपुर निवासी लल्लू (72) साधु वेश धारण कर मंदिरों में पूजा-पाठ करते थे। उनके पुत्र रामजीवन ने बताया कि पिता का स्वभाव झगड़ालू है। बुधवार को घर आए मेहमानों के बीच पानी को लेकर बच्चों से कहासुनी हो गई। इसी में उन्होंने अपने पेट में चाकू घोंप लिया। घटना से पास खड़ी नातिन घबराकर बेहोश हो गई। दोनों को पहले छानी सीएचसी ले जाया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया।