हमीरपुर जिले में राठ-उरई मार्ग पर जरीया थाना क्षेत्र के चुरहा मोड़ के पास दोपहर करीब पौने तीन बजे चकासी थाना पुलिस की जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चिकासी थाने में तैनात गार्ड ब्रजेंद्र कुमार (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सब इंस्पेक्टर मोहित देव (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार दरोगा मोहित देव गार्ड के साथ राठ कस्बे में एक मामले में शव का पोस्टमार्टम कराकर चिकासी थाने लौट रहे थे।
इसी दौरान चुरहा मोड़ के पास जीप के सामने से बाइक सवार आ गए, जिन्हें बचाने के चक्कर मे अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे जीप अनियंत्रित होकर दाहिने साइड आकर पलट गई। सूचना मिलते ही जरिया थाना प्रभारी दिनेश कुमार पांडेय, गोहांड चौकी प्रभारी वीरेंद्र प्रताप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य कराया। घायल दरोगा को इलाज के लिए सीएचसी गोहांड में भर्ती कराया गया है। मृतक गार्ड के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ सरीला शाहरुख खान ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।