हमीरपुर के मौदहा कस्बे में भवन निर्माण के लिए हो रही खुदाई के दौरान रविवार को मिले सन् 1800 ई. के महारानी विक्टोरिया के शासन काल के चांदी के नौ सिक्के सीओ रवि प्रकाश सिंह ने कब्जे में ले लिया। ये सिक्के पुरातत्व विभाग को भेजे जाएंगे।
कस्बे के मोहल्ला पश्चिमी तरौस सिजवहिया में अय्यूब खान का लंबे समय से एक प्लाट पड़ा है। जिसमें निर्माण कराने का ठेका उन्होंने फरीद ठेकेदार को दिया था। रविवार दोपहर उनके प्लाट में खुदाई करते समय महारानी विक्टोरिया के शासनकाल सन 1800 ई. के नौ चांदी के सिक्के मिल थे।
जिसकी सूचना ठेकेदार फरीद ने प्लाट मालिक अय्यूब को दी। जिसके बाद अय्यूब ने प्लाट में खुदाई का काम बंद करा दिया। प्लाट में खजाना निकलने की खबर कस्बे में फैल गई। वहीं एक मजदूर ने बताया कि मकान मालिक ने उन्हें पांच सौ रुपये देने के साथ काम बंद करा दिया है।
सोमवार सुबह सूचना पाकर सीओ रवि प्रकाश सिंह गांव पहुंचे। सीओ ने प्लाट मालिक अय्यूब से बातचीत की। जिसमें उन्होंने नौ सिक्के मिलने की बात कही है। सीओ ने सभी सिक्के कब्जे में लेकर सील कर दिए हैं। उन्होंने बताया मामला पुरातत्व विभाग से संबंधित है। इसलिए सिक्कों को भारतीय पुरातत्व विभाग भेजा जाएगा।