हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नागरिक उड्डयन क्षेत्र में प्रवेश किया है। क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना (आरसीएस) के तहत एचएल ने अरुणाचल प्रदेश में क्षेत्रीय संचालन के लिए दो सिविल डीओ-228 विमानों (19 सीटर) की आपूर्ति के लिए एलायंस एयर एविएशन लिमिटेड के साथ समझौता किया है।
परिवहन विमान प्रभाग कानपुर एचएएल के महाप्रबंधक अपूर्वा रॉय और एलायंस एयर एविएशन लिमिटेड के इंजीनियरिंग प्रमुख अरुण कुमार बंसल ने बंगलूरू में रविवार को समझौते पर हस्ताक्षर किए। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि भौगोलिक चुनौतियों को देखते हुए यह राज्य के लिए बड़ा दिन था। अब कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी।
बताया गया कि डीओ- 228 एक बहुउद्देशीय विमान है। जो उत्तर पूर्व में संचालन के लिए उपयुक्त है। इसमें शॉर्ट टेकऑफ और लैंडिंग, आधे तैयार रनवे पर उतरने और उड़ान भरने की क्षमता है। यह 19 सीटों वाला मल्टीरोल यूटीलिटी एयरक्राफ्ट है। जिसे वीआईपी ट्रांसपोर्ट, पैसेंजर ट्रांसपोर्ट, एयर एंबुुलेंस, फ्लाइट इंस्पेक्शन रोल्स, क्लाउड सीडिंग, पैराजंपिंग, एरियल सर्विलांस, फोटोग्राफी और कार्गो एप्लिकेशन के तौर पर उपयोग में लाया जा सकता है।
बताया गया कि देश के कई एयर ऑपरेटर एयरक्राफ्ट को क्षेत्रीय नागरिक उड्डयन में शामिल कराने के इच्छुक हैं। समझौते के मौके पर अरुणाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चौना मीन, गृहमंत्री बामंग फेलिक्स, मुख्य सचिव नरेश कुमार, सचिव (नागरिक उड्डयन) स्वप्निल नायक वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। वहीं प्रदीप सिंह खरोला, सचिव (एमओसीए), आर माधवन, सीएमडी (एचएएल), ऊषा पाधी, जेएस (एमओसीए), एचएएल, डीजीसीए और एएआई के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।