Kanpur News: सोना तस्कर को ट्रेन से उतारने की चर्चा शनिवार को तड़के से गूंज रही थी, लेकिन कस्टम अफसरों ने सेंट्रल स्टेशन परिसर में कार्रवाई की सूचना जीआरपी, आरपीएफ या किसी भी रेलवे अधिकारियों को नहीं दी।
कानपुर सेंट्रल पर कस्टम विभाग के अधिकारियों ने अजमेर सियालदह एक्सप्रेस के एसी कोच से सोना तस्कर को उतारा था। आरपीएफ के सीसीटीवी कैमरों में चार लोग सादी वर्दी में प्लेटफार्म नंबर दो पर आए थे। उनके साथ एक खाकी वर्दी का जवान भी दिख रहा है। कस्टम अधिकारियों ने तस्कर को कैंट साइड में लगी स्वचलित सीढि़यों से बाहर लेकर निकले।
विज्ञापन
इसके बाद खपरामोहाल पुल की ओर जाते दिखे। शुक्रवार रात लगभग आठ बजे 12987 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर दो पर आई थी। करीब पांच लोग एसी कोच में चढ़े। दो मिनट बाद ही एक युवक को बाहर लेकर उतरे। कस्टम अधिकारियों ने दो किलो सोने के साथ तस्कर को पकड़ने की बात कही जा रही है। सोना तस्कर आगरा का रहने वाला है।
तीन दिनों से चर्चा पर फुटेज से हुई पुष्टि
सोना तस्कर को ट्रेन से उतारने की चर्चा शनिवार को तड़के से गूंज रही थी, लेकिन कस्टम अफसरों ने सेंट्रल स्टेशन परिसर में कार्रवाई की सूचना जीआरपी, आरपीएफ या किसी भी रेलवे अधिकारियों को नहीं दी। चर्चा गर्म होने पर रविवार को आरपीएफ ने सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग खंगाली तो पता चला कि कस्टम विभाग के अधिकारी युवक को ट्रेन से उतारकर ले गए हैं।