जिला अस्पताल की एनआरसी में भर्ती बच्चे की मां से जानकारी लेतीं सीडीओ सौम्या पांडेय। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिला अस्पताल परिसर में बने एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) में मरीजों को दाल के नाम पर सिर्फ हल्दी डालकर गर्म पानी दिया जा रहा है। सोमवार को सीडीओ सौम्या पांडेय ने केंद्र का निरीक्षण किया तो भर्ती मरीजों ने इसकी शिकायत की। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और सीएमएस को संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीडीओ सौम्या पांडेय दोपहर दो बजे जिला अस्पताल पहुंची। उन्होंने सीएमएस डॉ. वंदना सिंह से पोषण पुनर्वास केंद्र दिखाने की बात कही। इस पर वह सेंटर पहुंची तो वहां चार महिलाएं भर्ती थी। सीडीओ ने सबसे पहले मैथा ब्लॉक की गरिमा देवी से उनके बच्चे के बारे में जानकारी ली। इस पर गरिमा ने बताया कि बच्चे के कमजोर होने की वजह से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उन्हें एनआरसी लेकर आई थी।
इसके बाद बालरोग विशेषज्ञ डॉ. अमर चंद्रा से बच्चे की दवा और वजन के बारे में जानकारी ली। सौम्या पांडेय ने गरिमा से खाने के बारे में पूछा तो गरिमा बोलीं कि दो टाइम खाना मिलता है, लेकिन गुणवत्ता ठीक नहीं होती।
इसके बाद सरवनखेड़ा ब्लॉक के बिल्टी गांव निवासी इसरार व शगुन ने भी खाने की गुणवत्ता ठीक न होने की शिकायत की। मरीजों ने कहा कि अरहर की दाल के नाम पर हल्दी डालकर गर्म पानी दिया जा रहा है। इस पर सीडीओ ने सीएमएस से नाराजगी जता संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बजट की फाइल मांगी
सीडीओ सौम्या पांडेय ने निरीक्षण के बाद सीएमएस से एनआरसी सेंटर के बजट की फाइल मांगी। हालांकि अकाउंटेंट के न होने की वजह से फाइल नहीं मिल सकी।