फतेहपुर के असोथर थानाक्षेत्र के सरवल गांव में किशोरी के मिले सिरविहीन शव का पुलिस ने रविवार रात करीब तीन बजे पानी भरे कुएं से सिर बरामद कर लिया। पुलिस तीन हत्यारोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। पुलिस वारदात का मंगलवार को खुलासा कर सकती है।
असोथर थानाक्षेत्र के सरवल गांव में शनिवार दोपहर सरसों के खेत से सिर काटकर फेंका गया शव किशोरी का निकला है। उसकी पहचान लखनऊ गोसाईगंज थानाक्षेत्र के आदमपुर नौबस्ता गांव निवासी शिवानी पासवान (17) के रूप में हुई है। गोसाईगंज पुलिस ने किशोरी की मां सुखरानी और अन्य परिजनों को फतेहपुर भेजा है।
मामले में पुलिस ने गाजीपुर थाने के सेवरामऊ निवासी ट्रक चालक भोला पंडित, उसके चचेरे भाई अमित और रिश्तेदार बांदा जिला के दादों निवासी खालिक उर्फ मुन्ना को हिरासत में लिया है। इनकी निशानदेही पर सेवरामऊ गांव स्थित एक कुएं से पिट्ठू बैग में भरा सिर बरामद किया है।